National

मुंबई-गुजरात में मानसून का कहर, राजस्थान-हिमाचल में झमाझम बारिश; आज दिल्ली-एनसीआर में बरसात के आसार

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून (Monsoon) ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को मुंबई, गुजरात, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा, जबकि उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

मुंबई में लगातार हो रही बारिश के चलते कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। शहर के कई हिस्सों में महज पांच घंटे में 70 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। बांद्रा में सबसे ज्यादा 73.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। गुजरात के राजकोट और सूरत में भी तेज बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया।

राजस्थान में करीब एक सप्ताह की देरी से पहुंचे मानसून (Monsoon)  ने जोरदार दस्तक दी। राज्य के 22 जिलों में अच्छी बारिश हुई। जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में पानी भर गया, जबकि डूंगरपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश से जुड़े हादसों में तीन लोगों की जान चली गई।

उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में केवल छिटपुट बारिश (Monsoon) हुई। वज्रपात की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य झुलस गए। मौसम विभाग के अनुसार, छह जुलाई से प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय होगा और सात-आठ जुलाई को व्यापक बारिश की संभावना है।

इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार अल-नीनो के प्रभाव और संभावित सूखे जैसी परिस्थितियों पर लगातार नजर रखे हुए है। कृषि समेत सभी संबंधित मंत्रालयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button