National

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 6 जुलाई की ट्रस्ट बैठक पर सबकी नजर, चंपत राय के इस्तीफे पर हो सकता है फैसला

अयोध्या। राम मंदिर (Ram Mandir) चढ़ावा चोरी मामले की जांच के बीच अब 6 जुलाई को प्रस्तावित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल कुमार मिश्र के इस्तीफे को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सकता है। पुलिस और एसआईटी मामले की जांच में जुटी है, जबकि ट्रस्ट स्तर पर भी आगे की रणनीति पर मंथन चल रहा है।

चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू की गिरफ्तारी के बाद ट्रस्ट (Ram Mandir) की ओर से चंपत राय और डॉ. अनिल कुमार मिश्र के इस्तीफा देने की जानकारी सार्वजनिक की गई थी। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने भी बताया था कि दोनों के त्यागपत्र पर आगामी बैठक में विचार किया जाएगा।

कानूनी जानकारों के अनुसार, ट्रस्ट डीड के नियमों के तहत कोई भी सदस्य एक महीने का नोटिस देकर ही पद छोड़ सकता है। ऐसे में 6 जुलाई की बैठक में दोनों औपचारिक रूप से नोटिस दे सकते हैं। वहीं, यदि ट्रस्ट चाहे तो दो-तिहाई बहुमत से किसी सदस्य को पद से हटाने का भी प्रावधान है। इसलिए बैठक के एजेंडे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

सूत्रों का कहना है कि 15 सदस्यीय ट्रस्ट की इस बैठक (Ram Mandir) में कुछ सदस्य वर्चुअल माध्यम से शामिल हो सकते हैं, जबकि कई वरिष्ठ सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहेंगे। इस दौरान ट्रस्ट के भविष्य की कार्यप्रणाली और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।

उधर, चंपत राय के समर्थन में विश्व हिंदू परिषद और संत समाज के एक वर्ग ने खुलकर आवाज उठानी शुरू कर दी है। वहीं, ऐसी भी चर्चाएं हैं कि बैठक के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का कोई वरिष्ठ पदाधिकारी अयोध्या पहुंच सकता है। ऐसे में 6 जुलाई की बैठक को राम मंदिर ट्रस्ट के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button