Chhattisgarh

सूरजपुर में पति को बंधक बनाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, चारों आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, महिला अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार से घर लौट रही थी। रास्ते में पति के नशे की हालत में होने का फायदा उठाते हुए चार युवकों ने उसे बंधक बना लिया और महिला को पास के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने दंपती को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

घटना 27 जून की शाम रामानुजनगर थाना क्षेत्र की है। बाजार से खरीदारी के बाद लौटते समय महिला के पति ने कोसना (चावल से बनी शराब) पी रखी थी। रात करीब साढ़े आठ बजे मुख्य आरोपी ऋतु यादव और उसके तीन साथियों ने दंपती को रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने पति को बंधक बना लिया और महिला को जबरन खेत में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद पीड़िता और उसका पति किसी तरह घर पहुंचे, लेकिन धमकी और भय के कारण तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सके। दो दिन बाद जब परिजनों और अन्य लोगों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने पीड़िता को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद रामानुजनगर थाने में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने मामले की जांच के बाद ऋतु यादव, रामजी, कपिल और रामेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और मुख्य आरोपी ऋतु यादव पर पहले भी हथियारबंद लूट तथा चोरी जैसे मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button