Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर: रायपुर-दुर्ग में टूटा रिकॉर्ड, अगले 48 घंटे भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी द्रोणिका के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में रविवार से लगातार तेज बारिश (Rain) हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।

राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान 154.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि दुर्ग में 181 मिलीमीटर और राजिम में 185.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा राजनांदगांव, छुरा, भिलाई, पाटन, बालोद, महासमुंद और धमतरी सहित कई क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण कई नदियां और नाले उफान पर हैं तथा कुछ ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में तेज बारिश (Rain) का सिलसिला जारी रह सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी स्थानीय स्तर पर सतर्कता बढ़ा दी है।

बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है। पर्याप्त पानी मिलने से धान की बुआई और रोपाई का काम तेज हो गया है। हालांकि कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश से जलभराव की स्थिति भी बन गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 8 जुलाई के बाद बारिश (Rain) की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है। फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है। लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button