अयोध्या चोरी कांड के विरोध में न्यायधानी में निकलेगी ‘श्रीराम श्रद्धा पदयात्रा’, 11 जुलाई को रामभक्त करेंगे प्रदर्शन

बिलासपुर। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में हुई कथित चोरी की घटना के विरोध में बिलासपुर में 11 जुलाई को ‘श्रीराम श्रद्धा पदयात्रा’ (Shri Ram Shraddha Padyatra) निकाली जाएगी। आयोजनकर्ताओं का कहना है कि यह यात्रा भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने, रामभक्तों की भावनाओं के साथ एकजुटता दिखाने और घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर आयोजित की जा रही है।
पदयात्रा दोपहर 3 बजे तिलक नगर हनुमान मंदिर से शुरू होकर मां महामाया मंदिर तक जाएगी। आयोजकों के अनुसार, यह पूरी तरह धार्मिक और सामाजिक स्वरूप का कार्यक्रम होगा तथा इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि नहीं है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु सरकार और जांच एजेंसियों से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग करेंगे।
आयोजकों का कहना है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं (Shri Ram Shraddha Padyatra) की आस्था, समर्पण और जनसहभागिता से हुआ है। बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के हजारों परिवारों ने भी मंदिर निर्माण में अपनी श्रद्धानुसार योगदान दिया था। ऐसे में मंदिर में हुई चोरी की घटना ने रामभक्तों की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाया है।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विजय केशरवानी ने जिले के श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं और मातृशक्ति से बड़ी संख्या में पदयात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु यात्रा मार्ग में अपने-अपने क्षेत्रों से भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
आयोजकों का कहना है कि इस पदयात्रा (Shri Ram Shraddha Padyatra) का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा व्यक्त करना, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग करना है।

