पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी का WhatsApp हैक: परिचितों से मांगे जा रहे 28 हजार रुपए, हैकर बोला- विधायक जी अच्छे लगते हैं

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में साइबर ठग अब जनप्रतिनिधियों को निशाना बना रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी (Govardhan Manjhi) का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया है। हैकर उनके नाम से परिचितों को मैसेज भेजकर यूपीआई के जरिए 28 हजार रुपए की मांग कर रहा है। तीन दिनों के भीतर जिले में किसी बड़े भाजपा नेता का व्हाट्सएप हैक होने का यह दूसरा मामला है।
जानकारी के मुताबिक, हैकर गोवर्धन मांझी के व्हाट्सएप अकाउंट से उनके संपर्कों को संदेश भेज रहा है कि नेटवर्क संबंधी समस्या के कारण तत्काल 28 हजार रुपए भेज दें, जिन्हें बाद में वापस कर दिया जाएगा। जब कई परिचितों ने फोन कर इसकी पुष्टि की, तब उन्हें अकाउंट हैक होने की जानकारी मिली।
गोवर्धन मांझी (Govardhan Manjhi) ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी मैसेज या पैसों की मांग पर भरोसा न करें और किसी भी खाते में राशि ट्रांसफर न करें। उन्होंने बताया कि अनजाने में एक एपीके (APK) फाइल पर क्लिक करने के बाद उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया। मामले की शिकायत साइबर सेल और देवभोग थाना पुलिस से की गई है।

हैरानी की बात यह है कि हैकर (Govardhan Manjhi) ने व्हाट्सएप ग्रुप में खुद को छात्र बताते हुए लिखा कि उसे कॉलेज फीस जमा करनी है। उसने यह भी दावा किया कि वह किसी गरीब से पैसे नहीं ले रहा और “विधायक जी मुझे बहुत अच्छे लगते हैं, इसलिए उनका अकाउंट हैक किया है।”
गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर का भी व्हाट्सएप अकाउंट हैक किया गया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लिंक या एपीके फाइल पर क्लिक न करें और पैसों से जुड़े संदेशों की पहले फोन पर पुष्टि जरूर करें।

