Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर: कई शहर जलमग्न, 8 जिलों में रेड अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 48 घंटों से राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। रायपुर, भिलाई और अन्य शहरों के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। घरों और सड़कों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए 8 जिलों के लिए रेड अलर्ट, 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 6 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

लगातार बारिश का असर प्रदेश के विभिन्न जिलों में देखने को मिला है। बिलासपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। वहीं भिलाई के सुपेला, नेहरू नगर, राधिका नगर, तालपुरी और कैंप क्षेत्र समेत कई इलाकों की सड़कें पानी में डूब गईं। रायपुर के टाटीबंध, डीडी नगर, अनुपम गार्डन और कोटा अंडरब्रिज सहित कई स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा। फाफाडीह अंडरब्रिज में एक ट्रक भी पानी में फंस गया, जबकि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की छत से झरने की तरह पानी गिरता रहा।

प्रदेश में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। 5 जुलाई तक जहां औसतन 247.7 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, वहीं केवल 167.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से करीब 33 प्रतिशत कम है। हालांकि मौसम विभाग का मानना है कि लगातार हो रही बारिश से इस कमी की भरपाई होने की संभावना है।

बारिश के बीच कई दर्दनाक हादसे भी सामने आए हैं। गरियाबंद जिले के कोपरा गांव में घर के बाहर खेल रहे दो मासूम बच्चों की बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। वहीं बगनई नदी का जलस्तर बढ़ने से बीच नदी में फंसे 14 मजदूरों को प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बलौदाबाजार के बालमदेही नदी में बाढ़ के बीच फंसे श्रद्धालुओं का भी सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।

रविवार सुबह तक रायपुर में 154.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो इस मानसून सीजन की चौथी भारी बारिश रही। लगातार वर्षा के कारण अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 5.9 डिग्री कम रहा।

मौसम विभाग के अनुसार जुलाई की शुरुआत से हुई बारिश के बाद प्रदेश के 10 जिलों में सामान्य वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि सारंगढ़-बिलाईगढ़ और दंतेवाड़ा में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। इसके बावजूद 19 जिलों में अब भी सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है और दो जिलों में स्थिति बेहद कमजोर बनी हुई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 8 जुलाई तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। इस दौरान मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा, गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों तथा नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।

Follow Us on Our Social Media

Mahi Rajput

Content Writer (News) – 2.5 Years of Experience- Experienced in writing and editing news articles for digital news portals. - Skilled in writing breaking news, feature stories, and informative web content. - Strong fact-checking, research, and editing skills. - Able to meet daily publishing deadlines and produce high-quality content consistently.Social Media Management – 6 Months of Experience- Managed social media accounts and scheduled content. - Created engaging captions and post copies. - Planned and maintained content calendars. - Monitored audience engagement and responded to queries. - Coordinated with the content team to ensure consistent brand communication.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button