बस्तर में करोड़ों का गांजा जब्त: यूपी का तस्कर गिरफ्तार, साथी जंगल के रास्ते फरार

छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो पिकअप से 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.07 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक सफेद बोलेरो पिकअप में गांजे की बड़ी खेप लेकर दो तस्कर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर धनपुंजी फॉरेस्ट नाका पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। देर रात संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी लेने पर उसमें रखी नौ प्लास्टिक बोरियों से 105 पैकेट गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार एक आरोपी जंगल की ओर भाग निकला, जबकि चालक को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय विजय पांडेय, निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम सोनू यादव बताया है।
पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई बोलेरो पिकअप, एक सैमसंग मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(ग) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

