NSE लाएगा देश का सबसे बड़ा IPO, सितंबर में जुटा सकता है 3 अरब डॉलर

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) जल्द ही देश का सबसे बड़ा आईपीओ (IPO) लाने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्सचेंज अगले हफ्ते से अपने 3 अरब डॉलर के आईपीओ की मार्केटिंग शुरू कर सकता है। इसे सितंबर में लॉन्च करने की योजना है।
अगर यह आईपीओ तय योजना के मुताबिक आता है, तो यह हुंडई मोटर इंडिया के अब तक के सबसे बड़े आईपीओ का रिकॉर्ड भी तोड़ सकता है।
यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। यानी कंपनी नए शेयर जारी नहीं करेगी, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
इस बड़े इश्यू को सफल बनाने के लिए NSE भारत के साथ-साथ अमेरिका, लंदन, सिंगापुर, हांगकांग और मध्य पूर्व के बड़े निवेशकों से भी संपर्क करेगा।
आईपीओ की प्रक्रिया संभालने के लिए करीब 20 बड़े बैंकों को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें कोटक महिंद्रा कैपिटल, जेएम फाइनेंशियल, मॉर्गन स्टेनली, एचएसबीसी और सिटीग्रुप जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
इस आईपीओ के जरिए निवेशकों को देश के सबसे बड़े शेयर बाजार एक्सचेंज में हिस्सेदारी खरीदने का मौका मिलेगा।

