Follow Us on Our Social Media
International

अयातुल्ला खामेनेई की अंतिम यात्रा के बीच हॉर्मुज में टैंकर पर हमला,

ईरान ने ट्रंप को दिया सीधा संदेश

ईरान-ईरान में पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की अंतिम यात्रा के बीच पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। जहां एक ओर लाखों लोग सड़कों पर उतरकर अपने नेता को अंतिम विदाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हॉर्मुज जलडमरूमध्य में एक एलएनजी टैंकर पर हमले की खबर ने हालात को और गंभीर बना दिया है। इस बीच ईरान ने अमेरिका को साफ संदेश देते हुए कहा है कि जब तक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी धमकियां बंद नहीं करते, तब तक किसी भी स्थायी शांति वार्ता की उम्मीद नहीं की जा सकती।

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

ईरान के कोम शहर में अयातुल्लाह खामेनेई और उनके परिवार के चार सदस्यों के जनाजे में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हजारों की भीड़ हाथों में झंडे लेकर सड़कों पर उतरी और खामेनेई को श्रद्धांजलि दी। कई जगह लोगों ने अमेरिका विरोधी नारे लगाए और ट्रंप के खिलाफ पोस्टर और बैनर भी दिखाई दिए।

इससे पहले सोमवार को राजधानी तेहरान में भी विशाल अंतिम यात्रा निकाली गई थी, जिसमें लाखों लोगों की मौजूदगी देखने को मिली।

ईरान ने अमेरिका को दी दो टूक चेतावनी

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराकची ने कहा कि देश की जनता और सेना किसी भी बाहरी दबाव या धमकी से डरने वाली नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक अमेरिका अपनी धमकी भरी भाषा नहीं बदलता, तब तक स्थायी शांति समझौते की कोई संभावना नहीं है।

ईरान का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों देशों के बीच पहले से ही रिश्ते बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।

ट्रंप ने भी दिखाई सख्ती

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान को लेकर सख्त बयान दिया। उन्होंने कहा कि या तो समझौता होगा या फिर अमेरिका अपना मिशन पूरा करेगा। ट्रंप ने दावा किया कि जरूरत पड़ने पर ईरान के महत्वपूर्ण पुलों और ऊर्जा ढांचे को बहुत कम समय में निशाना बनाया जा सकता है।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वे युद्ध के बजाय समझौते का रास्ता पसंद करेंगे ताकि आम नागरिकों को नुकसान न पहुंचे।

हॉर्मुज में टैंकर पर हमला, मचा हड़कंप

तनाव के बीच हॉर्मुज जलडमरूमध्य में एक कतारी एलएनजी टैंकर पर हमला होने की खबर सामने आई है। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूकेएमटीओ के अनुसार, ओमान तट से करीब 14 किलोमीटर दूर एक टैंकर पर प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया, जिसके बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, टैंकर का चालक दल सुरक्षित है, लेकिन जहाज को नुकसान पहुंचा है। कुछ रिपोर्टों में दो जहाजों पर हमले की भी बात कही गई है। फिलहाल किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

फिर बढ़ सकता है पश्चिम एशिया में तनाव

हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है। यहां किसी भी तरह का हमला वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति पर असर डाल सकता है। ऐसे में टैंकर पर हुए हमले और ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ती बयानबाजी ने एक बार फिर पूरे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा दिया है।

अब दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच हालात शांत होते हैं या यह टकराव किसी नए संकट का रूप लेता है।

 

Follow Us on Our Social Media

Shruti Jangde

With over 6 years of experience in the media industry, I specialize in news anchoring, copywriting, and digital journalism. I cover a wide range of news, delivering accurate, unbiased, and fact-based reporting. Passionate about bringing the truth to the public, I am committed to ethical journalism and credible storytelling. My goal is to inform, inspire, and make a meaningful impact through responsible reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button