एक ही रात में चार दुकानों में चोरी, CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

खैरागढ़: जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच गंडई थाना क्षेत्र के नर्मदा चौक में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात चोरों ने चार दुकानों को निशाना बनाया। बदमाश दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
बुधवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो चारों दुकानों के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी सहित अन्य सामान गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए।
चोरों ने गायत्री मेडिकल स्टोर, हीरा फैंसी स्टोर, तनु कृषि केंद्र और वर्षा कंप्यूटर सेंटर को निशाना बनाया। शुरुआती अनुमान के अनुसार, चारों दुकानों से 30 हजार रुपये से अधिक की नकदी और अन्य सामान चोरी हुआ है। वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में दो से अधिक संदिग्ध युवक देर रात दुकानों के आसपास घूमते और बाद में एक-एक कर ताले तोड़ते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि वारदात किसी संगठित गिरोह ने अंजाम दी है।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे असुरक्षा का माहौल बन गया है। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, निगरानी मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
सूचना मिलने पर गंडई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

