यंग इंडियन पार्लियामेंट 2026 में विद्यार्थियों ने सीखी लोकतंत्र की कार्यप्रणाली

रायपुर: पुराने विधानसभा सभागार में यंग इंडियन पार्लियामेंट 2026 का आयोजन किया गया। यंग इंडियंस रायपुर चैप्टर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 11 स्कूलों के करीब 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में विधानसभा की तर्ज पर मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाते हुए अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को सदन में उठाया। बच्चों ने विभिन्न विषयों पर चर्चा, बहस और तर्क प्रस्तुत किए। साथ ही विधेयक पेश करने और उसे पारित करने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यप्रणाली, सदन की परंपराओं और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अपने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री और विपक्ष के सदस्य के रूप में सदन में उनकी भूमिका किस तरह अलग रही।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि संवाद, विचार-विमर्श और जिम्मेदारी की भावना इसकी सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने और भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

यंग इंडियंस रायपुर चैप्टर के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, संसदीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की व्यवहारिक जानकारी देना है। कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी भूमिका निभाई।

