सैटेलाइट तस्वीरों से ईरान पर बढ़ा शक, परमाणु गतिविधियों को छिपाने की नई कोशिश का दावा

अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान की परमाणु गतिविधियों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। हाल ही में सामने आई सैटेलाइट तस्वीरों में दावा किया गया है कि ईरान अपने संवेदनशील सैन्य और परमाणु ठिकानों पर तेजी से मरम्मत और नए निर्माण कार्य में जुटा हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन गतिविधियों का उद्देश्य संभावित परमाणु कार्यक्रम से जुड़े सबूतों को छिपाना और भविष्य में होने वाले किसी भी हमले से ठिकानों को अधिक सुरक्षित बनाना हो सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान के दक्षिण-पूर्व में स्थित पारचिन सैन्य परिसर में एक नई संरचना को कंक्रीट और मिट्टी की परतों से ढका गया है। वहीं इस्फहान और नतांज जैसे परमाणु स्थलों पर सुरंगों के प्रवेश द्वारों को मजबूत करने और मरम्मत का काम भी जारी है। सैटेलाइट तस्वीरों में भारी मशीनों और निर्माण गतिविधियों के संकेत मिले हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि ईरान इन निर्माण कार्यों के जरिए अपने संवेदनशील ठिकानों को भविष्य के हवाई हमलों से बचाने की तैयारी कर रहा है। हालांकि ईरान लगातार यह दावा करता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है और वह परमाणु हथियार विकसित नहीं कर रहा है।
इन सैटेलाइट तस्वीरों के सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान की परमाणु गतिविधियों को लेकर चिंताएं फिर बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर अमेरिका, इजरायल और अन्य पश्चिमी देशों का दबाव ईरान पर और बढ़ सकता है।

