रायपुर जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सांसद निधि से ₹10 लाख देने की घोषणा

रायपुर। रायपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में शुक्रवार को रायपुर जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवांगन एवं उनकी टीम को शुभकामनाएं देते हुए न्याय व्यवस्था को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
न्याय व्यवस्था पर जनता का भरोसा सबसे मजबूत: बृजमोहन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि उनका अधिवक्ताओं से लगभग 50 वर्षों का जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि न्यायाधीश और अधिवक्ता यदि मिलकर काम करेंगे, तभी न्याय व्यवस्था मजबूत बनी रहेगी। उनका कहना था कि आज विभिन्न संस्थाओं पर लोगों का भरोसा कम हुआ है, लेकिन न्यायपालिका पर जनता का विश्वास अब भी कायम है।
राजनीति में कानून जानने वालों की जरूरत
सांसद ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जीतना एक बात है, लेकिन कानून के अनुसार सही और गलत का फैसला न्याय व्यवस्था ही करती है। उन्होंने चिंता जताई कि पहले संसद और विधानसभाओं में बड़ी संख्या में वकील और कानून के जानकार प्रतिनिधि होते थे, जबकि अब उनकी संख्या कम होती जा रही है। उन्होंने शिक्षित और कानून की समझ रखने वाले लोगों से राजनीति में आने की अपील की।
अधिवक्ता संघ को सांसद निधि से ₹10 लाख
बृजमोहन अग्रवाल ने अपने छात्र जीवन और न्यायालय से जुड़े अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे लंबे समय तक अदालतों से जुड़े रहे हैं। अधिवक्ताओं की जरूरतों को देखते हुए उन्होंने अधिवक्ता संघ की सुविधाओं के विकास के लिए सांसद निधि से ₹10 लाख देने की घोषणा की।
गरीबों को कानूनी सहायता देने पर जोर
उन्होंने अधिवक्ता संघ से आग्रह किया कि दूर-दराज से आने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए। विशेष रूप से राजस्व और भूमि विवादों में गरीबों को समय पर न्याय दिलाने के लिए अधिवक्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कई वरिष्ठ न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया, जिला एवं सत्र न्यायाधीश बलराम वर्मा, महापौर मीनल चौबे, स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष विराट वर्मा, सदस्य बृजेशनाथ पांडेय, फैज़ल रिजवी, विवेकानंद भोई सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिवक्ता संघ के नव निर्मित कार्यालय का उद्घाटन किया और संघ के नए कैलेंडर का भी विमोचन किया।

