सीएसवीटीयू यूटीडी प्रवेश प्रक्रिया का अंतिम चरण शुरू, दस्तावेज सत्यापन के लिए कैंपस में उपस्थित होना अनिवार्य

छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटीडी) में सीजी डीटीई काउंसिलिंग के माध्यम से सीट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया का अंतिम चरण शुरू हो गया है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन सीट आवंटन से प्रवेश पूर्ण नहीं माना जाएगा।
प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को स्वयं विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर अपने मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। इसके लिए उन्हें विश्वेश्वरैया भवन स्थित यूटीडी-1 के बेसमेंट में संचालित एडमिशन सेल में रिपोर्ट करना होगा। प्रवेश प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए अवकाश के दिनों में भी एडमिशन सेल खुला रहेगा।
विश्वविद्यालय की ओर से पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर प्रवेश संबंधी संदेश भेजे जा रहे हैं। विद्यार्थियों को संदेश में दिए गए लिंक के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरना होगा। इसके बाद फॉर्म की प्रिंट कॉपी और निर्धारित मूल दस्तावेजों के साथ एडमिशन सेल में उपस्थित होना आवश्यक होगा।
विश्वविद्यालय ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर रिपोर्ट नहीं करने, मूल दस्तावेजों का सत्यापन नहीं कराने या दस्तावेजी प्रक्रिया अधूरी रहने की स्थिति में आवंटित सीट निरस्त की जा सकती है। इसलिए सभी विद्यार्थियों को समय पर प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी गई है।
बाहरी विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय परिसर में हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध नहीं है, हालांकि निजी हॉस्टलों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए विद्यार्थी एडमिशन सेल के हेल्पलाइन नंबर और ई-मेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय ने बी.टेक (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस) पाठ्यक्रम की फीस भी जारी की है। प्रथम सेमेस्टर की फीस 54,500 रुपये और द्वितीय सेमेस्टर की फीस 50,700 रुपये निर्धारित की गई है। पहले वर्ष की कुल फीस 1,05,200 रुपये होगी, जबकि चार वर्षीय पाठ्यक्रम की अनुमानित कुल फीस 4,09,400 रुपये तय की गई है।

