गुढ़ियारी की जनसमस्याओं को लेकर आप ने निगम प्रशासन को घेरा
जलभराव और खुले ट्रांसफार्मर पर दी आंदोलन की चेतावनी

रायपुर | राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में बारिश के दौरान जलभराव, खुली नालियों और असुरक्षित बिजली ट्रांसफार्मर की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। आप(AAP) पार्टी के पदाधिकारियों ने नगर निगम के जोन क्रमांक-1 के आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
आप(AAP) पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और छाया पार्षद डॉ. विजय देवांगन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि गुढ़ियारी के वार्ड क्रमांक 15 और 17 के बीच स्थित गुड मॉर्निंग किराना स्टोर के आसपास हर बारिश में सड़क पर पानी भर जाता है। जलभराव के कारण सड़क किनारे बनी नालियां दिखाई नहीं देतीं, जिससे पैदल चलने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और बुजुर्गों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।
प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण हर वर्ष यही स्थिति बनती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जलभराव के बीच ट्रांसफार्मर से करंट का खतरा
ज्ञापन में आप(AAP) पार्टी ने क्षेत्र में लगे बिजली ट्रांसफार्मर को भी गंभीर चिंता का विषय बताया। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर के आसपास बारिश का पानी जमा हो जाता है, जिससे करंट फैलने की आशंका बनी रहती है। यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो यह स्थिति जनहानि का कारण बन सकती है।
पार्टी ने मांग की है कि ट्रांसफार्मर के चारों ओर मजबूत सुरक्षा घेराबंदी की जाए और बिजली विभाग मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करे। साथ ही जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त कर सड़क पर पानी जमा होने की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
खुली नालियों को ढंकने और निरीक्षण की मांग
आम आदमी पार्टी ने नगर निगम से मांग की है कि सड़क किनारे बनी खुली नालियों को मजबूत स्लैब या ढक्कन से ढका जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। इसके अलावा संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य जल्द शुरू करने की भी मांग की गई है।
पार्टी का कहना है कि यह केवल सुविधाओं का मामला नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि निगम प्रशासन जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाएगा और क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान करेगा।

