महादेव ऐप मामले में ईडी की कार्रवाई पर सियासत तेज, भूपेश बघेल ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। मामले में गिरफ्तार EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर पूरे मामले को भाजपा से जोड़ते हुए कई सवाल उठाए।
भूपेश बघेल ने दावा किया कि ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए विकास गर्ग का नाम तो सामने आया है, लेकिन कई अहम जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास गर्ग भाजपा दिल्ली के आर्थिक प्रकोष्ठ के चेयरमैन हैं और भाजपा के पूर्व विधायक नंद किशोर गर्ग के पुत्र हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ईडी ने विकास गर्ग को कथित तौर पर 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय लेनदेन के मामले में गिरफ्तार किया है। साथ ही उनसे जुड़ी कंपनियों की 900 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां भी जब्त की गई हैं। उनका आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप को भाजपा के शीर्ष नेताओं का संरक्षण प्राप्त था और कथित वित्तीय विवाद के बाद ही ईडी ने कार्रवाई की।
हर महीने 450 करोड़ रुपये की कमाई का दावा
भूपेश बघेल ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि विकास गर्ग कथित तौर पर महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से हर महीने करीब 450 करोड़ रुपये की कमाई कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने अपने इन दावों के समर्थन में कोई दस्तावेज या साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया।
उन्होंने कहा कि इसी कारण वह लगातार यह कहते रहे हैं कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप भाजपा के संरक्षण में संचालित नेटवर्क है।
अपनी सरकार की कार्रवाई का भी किया जिक्र
भूपेश बघेल ने कहा कि महादेव ऐप के खिलाफ सबसे पहले उनकी सरकार ने कार्रवाई शुरू की थी। उनके अनुसार, उस दौरान 72 एफआईआर दर्ज की गईं, 400 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया, हजारों बैंक खाते सीज किए गए और बड़ी संख्या में लैपटॉप, मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए।
उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने गूगल को पत्र लिखकर ऐप को प्ले स्टोर से हटाने की मांग की थी और संचालकों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने के लिए केंद्र सरकार को भी पत्र लिखा था। उनका आरोप है कि इन कार्रवाइयों के बावजूद भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर ही आरोप लगाए और उसकी छवि खराब करने की कोशिश की।
केंद्र सरकार से पूछे सवाल
भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार से पूछा कि यदि महादेव ऐप की जांच जारी है तो अब तक इस पर पूरी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मामले से जुड़े कथित ऑपरेटरों को विदेश से भारत क्यों नहीं लाया गया। साथ ही नवनीत सहगल और हिरेन जोशी के नाम का उल्लेख करते हुए उनकी जांच को लेकर भी सवाल उठाए।
ईडी की जांच जारी
ईडी ने हाल ही में विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाया है। एजेंसी ने विशेष पीएमएलए अदालत में उन्हें पेश कर 14 दिन की रिमांड मांगी है। ईडी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित अवैध धन को विभिन्न कंपनियों के माध्यम से निवेश और लेयरिंग कर वैध बनाने का प्रयास किया गया। मामले की जांच जारी है।

