NEET-UG 2026 का रिजल्ट जारी: पंजाब के आर्यन और हरियाणा के पांशुल बने ऑल इंडिया टॉपर; छत्तीसगढ़ के कुणाल जायसवाल को 609 अंक

दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 री-एग्जाम का रिजल्ट और फाइनल आंसर-की जारी कर दी है। इस बार पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर ऑल इंडिया टॉप किया है। परीक्षा में शामिल हुए 20 लाख से अधिक अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
एनटीए ने फाइनल आंसर-की में एक प्रश्न को मूल्यांकन से बाहर कर दिया है। इस वर्ष करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 11.21 लाख छात्र-छात्राएं मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं। इनमें 58 प्रतिशत से अधिक सफल अभ्यर्थी छात्राएं हैं।
गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित मूल परीक्षा पेपर लीक के कारण निरस्त कर दी गई थी। इसके बाद 21 जून को री-एग्जाम कराया गया। एनटीए ने रिकॉर्ड समय में परिणाम जारी करते हुए कहा कि इससे मेडिकल काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी हो सकेगी।
इस बार परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 13 भाषाओं में आयोजित की गई थी। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.70 लाख उम्मीदवार क्वालिफाई हुए, जबकि लक्षद्वीप से सबसे कम 43 अभ्यर्थी सफल रहे।
छत्तीसगढ़ के लिए भी इस बार अच्छी खबर रही। रायपुर के कुणाल जायसवाल ने 609 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 7549 हासिल की। वहीं राज्य के शिपरक गोयल और चार्वी अग्रवाल टॉप रैंकर्स की सूची में शामिल रहे। मध्य प्रदेश के आर्यमन सोलंकी राज्य के टॉपर बने।
छात्र आवेदन संख्या और पासवर्ड के माध्यम से पोर्टल पर लॉगिन कर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। वहीं 3 मई की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए फीस रिफंड हेतु बैंक विवरण अपडेट करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है।

