NEET पेपर लीक के विरोध में बिलासपुर में छात्रों का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर। NEET परीक्षा पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर बिलासपुर में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर कई मांगें रखीं।
AIDSO ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को भंग करने और छात्रों के आंदोलनों पर कथित पुलिस कार्रवाई रोकने की मांग की।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र लंबे समय से NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि संसद मार्च के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और छात्र-छात्राओं, महिलाओं तथा बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
AIDSO का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों पर कार्रवाई करने के बजाय छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। संगठन ने चेतावनी दी कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन देशभर में जारी रहेगा और इसे और व्यापक किया जाएगा।

