देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों से लेकर पश्चिम भारत तक मानसून सक्रिय

दिल्ली। देशभर में मानसून (monsoon) एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 24 जुलाई को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वोत्तर भारत में सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है, जबकि दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी अच्छी बारिश की संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
महाराष्ट्र: मुंबई, पुणे, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित हो सकता है।
गुजरात: दक्षिण और मध्य गुजरात में तेज बारिश का दौर जारी (monsoon) रहने की संभावना है। कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट है।
उत्तराखंड: देहरादून, चमोली समेत छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। भूस्खलन की आशंका के चलते कई सड़कें प्रभावित हो सकती हैं।
हिमाचल प्रदेश: पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
पूर्वोत्तर राज्य: असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
उत्तर भारत का हाल
दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कई हिस्सों में भी बारिश के आसार हैं। मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ जिलों में भी गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है।
पूर्वी और दक्षिण भारत
पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में रुक-रुककर बारिश जारी (monsoon) रहने का अनुमान है। वहीं तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बारिश के दौरान खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें।

