इंडस्ट्री से सलाह लेकर युवाओं के लिए नए कोर्स तैयार करें अधिकारी: पीएम मोदी

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने मंगलवार को वित्त, वाणिज्य, उद्योग और टेक्नोलॉजी जैसे अहम आर्थिक मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सरकार को लगातार युवा, गतिशील और भविष्य की जरूरतों के मुताबिक काम करने वाली बनाने पर जोर दिया। पीएम ने कहा कि सरकार को तेजी से बदलती चुनौतियों और नए अवसरों के हिसाब से खुद को ढालते रहना चाहिए।
बैठक के बाद जारी बयान में पीएम मोदी ने कहा कि सरकार को नई सोच और इनोवेशन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने अहम सेक्टर में युवा उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की जरूरत भी बताई। अधिकारियों से कहा गया कि उद्योग जगत के साथ मिलकर ऐसे कोर्स और प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जाएं, जिनसे युवाओं को उभरते हुए सेक्टर की जरूरत के मुताबिक स्किल मिल सके।
इंडस्ट्री और युवाओं के बीच स्किल गैप खत्म करने पर जोर
पीएम मोदी (PM Modi) ने कहा कि देश के शिक्षण संस्थान बड़ी संख्या में इंजीनियर, प्रोफेशनल और ग्रेजुएट तैयार कर रहे हैं, लेकिन इंडस्ट्री की जरूरत और युवाओं के कौशल के बीच अंतर अभी भी चुनौती बना हुआ है। सरकार की विभिन्न स्किलिंग पहलों और इंटर्नशिप कार्यक्रमों के बावजूद इस दिशा में और प्रभावी प्रयास करने की जरूरत है।
गलत जानकारी और बेबुनियाद डर से निपटने की बात
प्रधानमंत्री (PM Modi) ने रणनीतिक क्षेत्रों में सरकार के बड़े फैसलों और पहलों को लेकर गलत जानकारी और बेबुनियाद डर को दूर करने के लिए सक्रिय संवाद पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में देश बड़े बदलाव कर रहा है, वहां लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है।
पीएम मोदी ने अधिकारियों से कहा कि हर नीति और फैसले के केंद्र में नागरिक होने चाहिए। उन्होंने सुधारों को लगातार चलने वाली प्रक्रिया बताते हुए काम करने के तरीके में सुधार, बेहतर वर्क कल्चर और संस्थागत क्षमता मजबूत करने पर जोर दिया। यह संदेश ऐसे समय आया है जब युवा वर्ग से जुड़े कई मुद्दे सार्वजनिक बहस में प्रमुखता से सामने हैं।

