US मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर 66 लाख की ठगी, इंस्टाग्राम पर युवती से पहचान के बाद रिटायर्ड SECL अधिकारी बना शिकार

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। अमेरिकी शेयर बाजार में ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने SECL के सेवानिवृत्त डिप्टी जनरल मैनेजर कुलदीप सिंह ठाकुर से 66 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठगों ने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उनसे पहचान बढ़ाई और फिर निवेश का लालच देकर अलग-अलग किश्तों में रकम ट्रांसफर करवा ली।
63 वर्षीय कुलदीप सिंह ठाकुर अशोक नगर, बिरकोना रोड के निवासी हैं। उनकी पहचान 2 जून 2026 को इंस्टाग्राम के जरिए तनिशा ठाकुर नाम की युवती से हुई थी। युवती ने खुद को गुरुग्राम की एक कंपनी में फाइनेंस मैनेजर बताया और उन्हें अमेरिकी शेयर बाजार में निवेश करने की सलाह दी।
छह किश्तों में ट्रांसफर किए 66 लाख रुपये
शेयर बाजार में पहले हुए नुकसान की भरपाई और अधिक मुनाफा कमाने की उम्मीद में रिटायर्ड अधिकारी युवती के झांसे में आ गए। उसके बताए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए उन्होंने छह अलग-अलग किश्तों में कुल 66 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
शुरुआत में निवेश और मुनाफे का भरोसा दिलाया गया, लेकिन जब कुलदीप सिंह ने अपनी रकम और कथित मुनाफा निकालने की कोशिश की तो ठगों ने टैक्स और अन्य चार्ज के नाम पर अतिरिक्त पैसे जमा करने की मांग शुरू कर दी। इसी के बाद उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ।
साइबर हेल्पलाइन और थाने में की शिकायत
पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 30 अक्टूबर को रेंज साइबर थाने में लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया के जरिए लोगों को बना रहे निशाना
साइबर ठग अब फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अनजान लोगों से दोस्ती कर उन्हें निवेश और ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दे रहे हैं। पहले भरोसा जीता जाता है और फिर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराई जाती है।
ASP ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
ASP शहर पंकज पटेल ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक निवेश ऑफर और कम समय में अत्यधिक मुनाफा देने के दावों पर भरोसा न करें। किसी अनजान व्यक्ति या कंपनी के कहने पर पैसा निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और पूरी जानकारी की जांच जरूर करें।
उन्होंने कहा कि लालच में जल्दबाजी कर लिया गया फैसला वर्षों की जमा पूंजी को खतरे में डाल सकता है। साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता और सावधानी बेहद जरूरी है।



