National

देशभर में भारी बारिश का कहर, पहाड़ों पर लैंडस्लाइड से रास्ते बंद; 16 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय है और भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान समेत 16 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। कई जगह सड़कें बंद होने से यातायात प्रभावित हुआ है, जबकि नदियों के बढ़ते जलस्तर से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

उत्तराखंड में केदारनाथ रूट बंद

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गौरीकुंड गेट के पास लैंडस्लाइड के बाद केदारनाथ ट्रैकिंग रूट बंद कर दिया गया है। खराब मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं को आगे जाने से रोक दिया गया है। उत्तरकाशी के स्याना चट्टी क्षेत्र में भी पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा सड़क पर गिरा। वहीं, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में खराब मौसम के चलते स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।

रुद्रप्रयाग में सिल्ली के पास मलबा आने से हाईवे कुछ समय के लिए बाधित रहा। पेट्रोल पंप के पास पहाड़ी से बोल्डर गिरने से एक कार भी दब गई। हरिद्वार में गंगा के तेज बहाव में गंगाजल भरते समय एक युवक बहने लगा, जिसे घाट पर तैनात एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बचा लिया। देहरादून में जाखन नदी में बह रही 12 वर्षीय बच्ची को भी समय रहते बचा लिया गया।

यूपी और जम्मू-कश्मीर में भी हालात बिगड़े

उत्तर प्रदेश के बलिया में सरयू नदी का कटाव तेज हो गया है। नदी का पानी गांवों में घुसने के बाद 100 से ज्यादा परिवार सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। कटाव के चलते दो मकान नदी में समा गए, जबकि कई अन्य मकानों के नीचे की जमीन भी बह गई है। गोंडा में घाघरा नदी का जलस्तर घटने के बावजूद कटान तेज है और कई बीघा जमीन के साथ पेड़ नदी में समा चुके हैं।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में भारी बारिश के कारण सरकारी प्राथमिक स्कूल की इमारत की दीवार गिर गई। वहीं, अक्चमल के पास लैंडस्लाइड के बाद कारगिल-लेह नेशनल हाईवे बंद हो गया और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। चंडीगढ़ और हैदराबाद के कई इलाकों में भी तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।

राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में अलर्ट

राजस्थान में बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के असर से बारिश का दौर जारी है। चूरू में तेज बारिश के बाद बाजारों में करीब तीन फीट तक पानी भर गया। प्रतापगढ़, जयपुर, दौसा और अलवर में भी बारिश दर्ज की गई है। गुरुवार को राजस्थान के 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश में मानसून ट्रफ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और शियर जोन समेत तीन मजबूत मौसम सिस्टम सक्रिय हैं। मौसम विभाग ने उज्जैन, सागर समेत 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, मंडी और कांगड़ा में भी ऑरेंज अलर्ट है। पंजाब में 4 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 31 जुलाई को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात रीजन, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और कर्नाटक में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि विदर्भ में रेड अलर्ट जारी किया गया है। 1 अगस्त को गुजरात रीजन में रेड अलर्ट और कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट रहने की संभावना है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button