Chhattisgarh

‘ममा मामी झकास हे’ का टाइटल और पोस्टर लॉन्च, जल्द सिनेमाघरों में आएगी पारिवारिक कॉमेडी फिल्म

रायपुर। छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री की बहुप्रतीक्षित फिल्म “ममा मामी झकास हे” का टाइटल और पोस्टर गुरुवार को लॉन्च किया गया। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ फिल्म निर्देशक सतीश जैन और छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन ने फिल्म का आधिकारिक पोस्टर जारी किया।

इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने फिल्म के शीर्षक और पोस्टर की सराहना करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी और छत्तीसगढ़ी सिनेमा को एक और सफल पारिवारिक फिल्म देगी।

श्री शबरी फिल्म्स और श्री महल सिनेमा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता छोटेलाल साहू और सोमेश केशरवानी हैं, जबकि निर्देशन मृत्युंजय सिंह ने किया है। इससे पहले मृत्युंजय सिंह की फिल्म “ले चलहूँ अपन दुवारी” को भी दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था।

फिल्म में मनीष स्टार (ममा), दिव्या स्टार (भांजी) और दीक्षा जायसवाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके साथ पुष्पेंद्र सिंह, क्रांति दीक्षित, हेमलाल, अमित शर्मा, धर्मेंद्र चौबे, उपासना वैष्णव और मनीषा खोबरागड़े भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।

फिल्म के पोस्टर और शीर्षक से संकेत मिलता है कि कहानी मामा-भांजी के रिश्ते, हास्य, नोकझोंक और पारिवारिक भावनाओं पर आधारित होगी। पोस्टर लॉन्च के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और दर्शकों में इसकी रिलीज को लेकर उत्साह बढ़ गया है। 

निर्माताओं के अनुसार “ममा मामी झकास हे” इसी वर्ष सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button