National

महीने के पहले दिन राहत: 19 किलो वाला LPG सिलेंडर 200 रुपए तक सस्ता, जानें आपके शहर में नए रेट

दिल्ली। अगस्त महीने की शुरुआत आम लोगों के बजाय कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है।

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 अगस्त से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपए तक की कटौती की है। नई दरें लागू होने के बाद होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।

202 रुपए सस्ता होकर 2,728 रुपए का हो गया सिलेंडर

नई कीमतों के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर 202 रुपए सस्ता होकर 2,728 रुपए का हो गया है। वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत 209 रुपए घटकर 2,872.50 रुपए हो गई है। अन्य शहरों में भी कमर्शियल सिलेंडर के दामों में इसी तरह की कटौती की गई है।

यह लगातार दूसरा महीना है, जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कमी की गई है। इससे पहले जुलाई 2026 में भी तेल कंपनियों ने 183 रुपए से अधिक की कटौती की थी। सिर्फ दो महीनों में दिल्ली में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत कुल 385.50 रुपए तक कम हो चुकी है।

घरेलू उपभोक्ताओं को राहत नहीं

हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं को इस बार भी राहत नहीं मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतें पहले की तरह ही बरकरार रखी गई हैं। ऐसे में रसोई गैस इस्तेमाल करने वाले परिवारों को नई दरों का कोई फायदा नहीं मिलेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल सिलेंडर सस्ता होने से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की लागत जरूर कम होगी। हालांकि, पिछले अनुभव बताते हैं कि गैस की कीमतें घटने के बावजूद खाने-पीने की वस्तुओं के दामों में तुरंत कमी देखने को नहीं मिलती। ऐसे में कारोबारियों को राहत मिलने की संभावना है, लेकिन आम उपभोक्ताओं को फिलहाल कीमतों में किसी तरह की राहत की उम्मीद नहीं है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button