देशभर में बारिश का कहर: केरल में भूस्खलन-बाढ़ से 6 की मौत, दिल्ली-एनसीआर और यूपी में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। सबसे ज्यादा असर केरल में देखने को मिला है, जहां मूसलाधार बारिश (Rain) के कारण भूस्खलन और बाढ़ से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।
वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार देर रात दिल्ली-एनसीआर में हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
केरल के आठ जिलाें में अलर्ट
केरल में लगातार हो रही बारिश (Rain) के चलते इडुक्की, कोट्टायम, पथनमथिट्टा, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड समेत आठ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
कई इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, फायर एंड रेस्क्यू, पुलिस, कोस्ट गार्ड और स्थानीय प्रशासन की टीमें तैनात हैं। राज्य में 65 राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां करीब 1,465 लोगों को सुरक्षित ठहराया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, भारी बारिश से 17 मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 127 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। कई नदियां उफान पर हैं और जलस्तर बढ़ने के कारण कुछ बांधों के गेट भी खोल दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी और पहाड़ी क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।
राजधानी में बारिश की संभावना
उधर, दिल्ली-एनसीआर में रविवार को भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश (Rain) की संभावना जताई गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है।
दूसरी ओर, गुजरात में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। दक्षिण और मध्य गुजरात के कई जिलों में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जबकि असम में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार दर्ज किया गया है, हालांकि अब भी लाखों लोग प्रभावित हैं।

