National

छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट, फ्रेंडशिप डे पर कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार को रायपुर समेत कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है। ऐसे में फ्रेंडशिप डे पर घूमने-फिरने की योजना बना रहे लोगों को मौसम का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

बीते 24 घंटे के दौरान रामानुजनगर, लोरमी और अकलतरा में तीन-तीन सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं ओरछा, बेलतरा, भोपालपटनम, सीपत, बड़े बचेली, अजगरबहार और छोटेडोंगर सहित कई क्षेत्रों में दो-दो सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा भैरमगढ़, नारायणपुर, बलौदा, दरभा, बारसूर, कटघोरा, कोहकामेटा, तोकापाल, मस्तूरी और अंतागढ़ समेत कई इलाकों में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मानसूनी सिस्टम सक्रिय, रायपुर में भी बारिश के आसार

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सक्रिय मानसून द्रोणिका और अन्य मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बनी हुई हैं। राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। वहीं रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और अन्य कई जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button