ब्लैकमेल कर परिवार से 14.50 लाख और 450 ग्राम सोना ऐंठा, चार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर में सरकंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में ब्लैकमेल कर एक परिवार से लाखों रुपये और सोने के आभूषण हड़पने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन तथा अपराध की रकम से खरीदी गई एक एक्टिवा जब्त की है। मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जान से मारने की धमकी देकर वसूले लाखों रुपये और जेवर
पुलिस के अनुसार राजीव विहार निवासी प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अस्वस्थ होने के कारण उन्होंने घरेलू कार्य, बैंक लेन-देन और लॉकर की जिम्मेदारी अपनी नातिन को सौंप रखी थी। जनवरी 2025 से आयुष यादव और उसके साथियों ने नातिन को परिवार के सदस्यों और छोटे बच्चों की हत्या तथा सड़क दुर्घटना कराने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। भय के चलते आरोपियों ने एसबीआई और सहकारी बैंक खातों से एटीएम और फोन-पे के जरिए किश्तों में 14.50 लाख रुपये वसूल लिए। इसके अलावा आरआर रिसॉर्ट के पास बुलाकर घर के लॉकर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए।
चार आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष यादव (22), आदर्श शर्मा (19), प्रिंस साहू (18) और आदित्य पांडे (19) के रूप में हुई है। पूछताछ में सभी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

