फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट टर्बुलेंस की चपेट में, सुरक्षित हुई लैंडिंग

नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 को मंगलवार को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान की ऊंचाई में थोड़े समय के लिए बदलाव हुआ, लेकिन बाद में विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
एअर इंडिया ने बताया कि सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। हालांकि, कुछ यात्रियों और क्रू को हल्की चोटें आईं, जिन्हें एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में जांच और इलाज के लिए भेजा गया।
एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है और घटना की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।
वहीं, एक यात्री ने दावा किया कि टर्बुलेंस करीब दो से तीन मिनट तक रहा। उन्होंने इस घटना पर एयरलाइन के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही।
इस बीच, हाल ही में सरकार ने राज्यसभा में जानकारी दी थी कि इस वर्ष जनवरी से जून के बीच घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 352 बड़ी तकनीकी खामियां दर्ज की गईं। इनमें 334 मामले घरेलू उड़ानों से जुड़े थे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक तकनीकी खामियां आकासा एयर में दर्ज हुईं, जबकि एअर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और स्पाइसजेट में भी ऐसी कमियां सामने आई थीं।

