मॉब लीचिंग: रेप के आरोपी को भीड़ ने अधमरा किया, ईलाज के दौरान मौत

दिल्ली। झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म (Mob Lynching) के एक आरोपी युवक की ग्रामीणों द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात शौच के लिए निकली अनुसूचित जाति की एक नाबालिग का सुल्तान अंसारी के पुत्र इमरोज अंसारी ने कथित तौर पर अपहरण कर दुष्कर्म किया।
मंगलवार सुबह किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई।
आरोपी के परिजनों को रस्सी से बांधा
घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी (Mob Lynching) के घर पर धावा बोल दिया तथा इमरोज अंसारी को घर से बाहर घसीटकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
इस दौरान बीच-बचाव करने आए उसके माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें रस्सी से बांध दिया गया।
पुलिकर्मियों की मौजूदगी में घटना
सूचना मिलने पर टंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ के भारी आक्रोश के सामने पुलिस असहाय नजर आई और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही लोग आरोपी को पीटते रहे।
किसी तरह पुलिस ने युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हजारीबाग रेफर कर दिया गया, हालांकि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
वहीं दूसरी ओर, स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इस मामले को पूर्व परिचित प्रेम-प्रसंग से भी जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि पुलिस ने इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गांव में तनाव
मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में भारी तनाव व्याप्त हो गया है।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर गांव में अतिरिक्त सुरक्षा बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं तथा लगातार गश्त बढ़ाई गई है।
पुलिस ने दर्ज किए दो अलग-अलग केस
पुलिस के अनुसार स्थिति अब नियंत्रण में है। मामले में पीड़िता (Mob Lynching) के पिता के बयान पर अपहरण एवं दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, वहीं मृतक के परिजनों से आवेदन प्राप्त होते ही हत्या की प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
पुलिस फिलहाल उपलब्ध वीडियो फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर कानून हाथ में लेने वाले हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में जुटी है।

