National

CJP की कोर कमेटी की बैठक शुरू,CJP फाउंडर अभिजीत दीपके होंगे शामिल,संगठन विस्तार और छात्र आंदोलन पर रणनीति

छत्रपति संभाजीनगर: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की दो दिवसीय कोर कमेटी की बैठक छत्रपति संभाजीनगर में शुरू हो गई है। बैठक के पहले दिन संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके और प्रवक्ता सौरभ दास ने मीडिया से बातचीत कर संगठन के विस्तार, छात्र आंदोलनों और अन्य प्रमुख मुद्दों पर अपनी बात रखी।

अभिजीत दिपके ने कहा कि CJP झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन करती है। उन्होंने बताया कि संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल झारखंड जाकर आंदोलनकारियों से मुलाकात करेगा और उनका समर्थन करेगा। उन्होंने कहा कि बैठक में देशभर में संगठन को मजबूत करने और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।

राजनीति में आने के सवाल पर दिपके ने कहा कि फिलहाल CJP की राजनीतिक दल बनाने या चुनावी राजनीति में उतरने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सभी को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर काम करना होगा। उन्होंने यह भी बताया कि बैठक में मीडिया, न्यायपालिका, बेरोजगारी और E20 नीति जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।

दिपके ने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक स्वास्थ्य कारणों से बैठक में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि बैठक के दूसरे दिन संगठन अपनी आगे की रणनीति और निर्णयों की जानकारी मीडिया को देगा।

CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि छात्र आंदोलनों के दौरान जिन प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ, उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि संगठन आंदोलन में घायल छात्रों को कानूनी और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बातचीत जारी है और कई राज्यों में आंदोलनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस ली जा चुकी हैं, जबकि अन्य मामलों में भी कार्रवाई के प्रयास जारी हैं।

सौरभ दास ने छात्राओं के खिलाफ कथित ऑनलाइन “डॉक्सिंग अभियान” की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सोनम वांगचुक संगठन के मार्गदर्शक हैं और CJP आगे भी उनसे सलाह लेता रहेगा।

 

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button