National

मुंबई की वायरल गर्ल रिया अहीर बोलीं- मैंने पुलिस वैन रोककर 20 छात्रों को बचाया, राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाया उत्पीड़न का आरोप

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi ने बुधवार को छात्रों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान मुंबई की वायरल गर्ल रिया अहीर ने दावा किया कि उन्होंने मुंबई पुलिस की वैन के सामने खड़े होकर 20 छात्रों को कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिए जाने से रोका था।

रिया अहीर ने कहा, “मैं वही लड़की हूं जिसने पुलिस की वैन रोकी थी। इसके बाद से मुझे लगातार परेशान किया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ गलत बातें फैलाई जा रही हैं और इसे ट्रोलिंग नहीं बल्कि अपराध बताया।

रिया ने आरोप लगाया कि उन्होंने 27 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन 5 अगस्त तक उन्हें एफआईआर की प्रति नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर अभियान चला रहे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में झारखंड की छात्रा नूतन ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान उन पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश की छात्रा फराह नाज ने दावा किया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की, नाम पूछने के बाद उन्हें अधिक प्रताड़ित किया गया और करीब तीन घंटे तक हिरासत में रखा गया।

राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले छात्रों से मुलाकात की और उनके संघर्ष की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये छात्र शिक्षा व्यवस्था, संविधान और देश के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के बाद छात्रों का मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है और उनसे जबरन माफी मंगवाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने कोई गलत काम नहीं किया है, इसलिए उन्हें किसी से माफी मांगने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों पर दबाव बनाने के लिए उनके घरों तक लोगों को भेजा जा रहा है और नाबालिग छात्राओं को भी परेशान किया जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि वह उन सभी छात्रों के साथ खड़े हैं जो उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं।

 

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button