अमृतसर बॉर्डर पर देर रात मुठभेड़, फेंस की ओर बढ़ रहे संदिग्ध को BSF ने मार गिराया

भारत-पाकिस्तान सीमा पर अमृतसर में देर रात सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को फायरिंग में मार गिराया। बताया जा रहा है कि संदिग्ध बॉर्डर फेंस की ओर बढ़ रहा था। जवानों ने उसे रुकने के लिए चेतावनी दी, लेकिन वह लगातार सीमा बाड़ की तरफ आगे बढ़ता रहा। खतरा महसूस होने पर BSF जवानों ने फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना अमृतसर के घरिंडा थाना क्षेत्र के BOP दाओके इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, 181 बटालियन के जवान रात के समय सीमा क्षेत्र में निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें फेंस के पास एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसके नहीं रुकने पर कार्रवाई की गई।
संदिग्ध की पहचान और मकसद की जांच
फायरिंग में मारे गए व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह कौन था और रात के समय बॉर्डर फेंस की ओर बढ़ने के पीछे उसका मकसद क्या था। शुरुआती तलाशी के दौरान उसके पास से सिर्फ तंबाकू का एक पैकेट मिलने की जानकारी सामने आई है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि संदिग्ध अकेले सीमा क्षेत्र में पहुंचा था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। घटना के बाद सीमा क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
गुरु नानक देव अस्पताल में रखा गया शव
गोलीबारी की घटना के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध के पास मिले सामान की जांच की जा रही है और उसकी पहचान से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। मृतक का शव अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में रखा गया है।
सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संदिग्ध सीमा के इतने करीब क्यों पहुंचा था। जांच पूरी होने के बाद ही उसकी पहचान और सीमा पार जाने की कोशिश के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



