Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

अम्बेडकर अस्पताल में बदली इमरजेंसी एंट्री, गंभीर मरीजों को CMO कक्ष से मिलेगा सीधा प्रवेश

डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के आपात चिकित्सा विभाग में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रवेश और पंजीयन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत गंभीर मरीजों को इमरजेंसी तक पहुंचने के लिए भीड़ से होकर गुजरने की जरूरत नहीं होगी। ओपीडी गेट स्थित कक्ष क्रमांक 100 यानी कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर (CMO) कक्ष से आपात चिकित्सा की जरूरत वाले मरीजों का प्रवेश और पंजीयन किया जाएगा।

CMO कक्ष में मरीज की प्रारंभिक जांच के बाद गंभीर और तत्काल उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों को बिना अनावश्यक देरी के सीधे आपात चिकित्सा विभाग भेजा जाएगा। इससे गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलने के साथ अस्पताल में मरीजों और परिजनों की आवाजाही भी अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है।

बढ़ती भीड़ के कारण बदली गई व्यवस्था

अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण मौजूदा प्रवेश व्यवस्था में जगह की कमी और भीड़ की स्थिति बन रही थी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने पहले इस्तेमाल किए जाने वाले प्रवेश और पंजीयन स्थल को दोबारा व्यवस्थित करने का फैसला लिया है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कुछ वर्ष पहले तक आपात चिकित्सा विभाग का संचालन इसी स्थान से किया जाता था। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी विभाग में बढ़ती भीड़ और स्थानाभाव की स्थिति सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों और विभागाध्यक्षों के साथ चर्चा की गई।

गंभीर मरीजों को प्राथमिकता, व्यवस्था की होगी समीक्षा

अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में मरीजों के सुचारू आवागमन और आपात चिकित्सा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई। अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी के अनुमोदन के बाद नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना, इमरजेंसी में भीड़ को नियंत्रित करना और मरीजों व उनके परिजनों के लिए आवागमन आसान बनाना है। व्यवस्था लागू होने के बाद इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मरीजों की सुविधा के अनुसार इसमें आवश्यक बदलाव भी किए जाएंगे।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button