Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को आएंगे छत्तीसगढ़, एम्स के तीसरे दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

रायपुर। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अगले महीने छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। बताया जा रहा है कि वह 2 सितंबर को रायपुर में आयोजित एम्स के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के भी मौजूद रहने की संभावना है।

एम्स के निदेशक डॉ. अशोक जिंदल ने दिल्ली में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने उपराष्ट्रपति को एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

अंडमान दौरे पर हैं उपराष्ट्रपति

फिलहाल उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 8 और 9 अगस्त को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के दौरे पर हैं। शनिवार को उन्होंने श्री विजय पुरम स्थित सेलुलर जेल राष्ट्रीय स्मारक में शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता ज्योति पर सम्मान व्यक्त किया और वीर सावरकर की कोठरी का दौरा किया।

इसके बाद उपराष्ट्रपति ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान पर आधारित लाइट एंड साउंड शो में भी हिस्सा लिया।

तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत

रविवार को उपराष्ट्रपति ने श्री विजय पुरम के फ्लैग पॉइंट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि यह वही ऐतिहासिक स्थल है, जहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने 30 दिसंबर 1943 को तिरंगा फहराया था और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह को ब्रिटिश शासन से मुक्त घोषित किया था।

‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के शहीदों को किया याद

9 अगस्त को ‘भारत छोड़ो दिवस’ यानी ‘अगस्त क्रांति दिवस’ के अवसर पर उपराष्ट्रपति ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के ‘करो या मरो’ के आह्वान से प्रेरित होकर स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजादी की लड़ाई में एकजुट किया। उनके साहस, बलिदान और देशभक्ति की भावना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

उपराष्ट्रपति अपने अंडमान दौरे के दौरान बीआर अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय ‘वंदे मातरम पर तिरंगा कॉन्सर्ट’ में भी शामिल होंगे। इसके अलावा वह ऐतिहासिक नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप का दौरा भी करेंगे।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button