Follow Us on Our Social Media
National

एयर इंडिया की फ्लाइट में 300 फीट की अचानक गिरावट, दोनों पायलट ड्यूटी से हटाए गए; जांच जारी

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की A320 फ्लाइट AI2379 में 4 अगस्त को अचानक जोरदार टर्बुलेंस के दौरान विमान की ऊंचाई करीब 300 फीट कम हो गई। घटना के बाद विमान को संभाल लिया गया और वह सुरक्षित दिल्ली में उतर गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पायलटों को जांच पूरी होने तक ड्यूटी रोस्टर से हटा दिया गया है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, घटना के बाद दोनों पायलटों का साइकोएक्टिव सब्सटेंस स्क्रीनिंग टेस्ट कराया गया था। कैप्टन के टेस्ट में ऐसा परिणाम आया, जिसकी दोबारा पुष्टि के लिए उनका सैंपल अधिकृत लैब भेजा गया है। फिलहाल फाइनल रिपोर्ट का इंतजार है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इस स्तर पर यह कहना सही नहीं होगा कि पायलट ने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया था। इसकी पुष्टि अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

AAIB कर रहा मामले की जांच

इस घटना को गंभीर विमानन घटना के रूप में दर्ज किया गया है। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) यह पता लगाने में जुटा है कि विमान की ऊंचाई अचानक क्यों कम हुई और टर्बुलेंस के दौरान यात्रियों और क्रू को चोटें कैसे आईं।

जांच पूरी होने और टेस्ट की अंतिम रिपोर्ट आने तक दोनों पायलटों को ड्यूटी से बाहर रखा गया है। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्ष और कन्फर्मेटरी टेस्ट की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

फ्लाइट में 137 यात्री थे सवार

घटना के समय फ्लाइट में कुल 137 यात्री सवार थे, जिनमें तीन बच्चे शामिल थे। विमान में आठ क्रू सदस्य भी थे, जिनमें दो पायलट और छह केबिन क्रू सदस्य शामिल थे। अचानक ऊंचाई कम होने और तेज टर्बुलेंस के कारण कुछ यात्रियों और केबिन क्रू सदस्यों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए ने कहा है कि विमान सुरक्षा के सर्वोच्च मानकों को बनाए रखा जाएगा और घटना की पूरी जांच के बाद नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button