CINTAA में बगावत! 11 सदस्यों ने एक साथ छोड़ी कमेटी, पूनम ढिल्लों-पद्मिनी पर मनमानी का आरोप

मुंबई। सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) में इन दिनों बड़ा विवाद सामने आया है। एसोसिएशन के 11 सदस्यों ने अचानक अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने अध्यक्ष पूनम ढिल्लों और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद्मिनी कोल्हापुरे पर मनमानी करने और फैसलों में पारदर्शिता नहीं रखने के आरोप लगाए हैं। सदस्यों ने मौजूदा कमेटी को लेकर सवाल उठाते हुए दोबारा चुनाव कराने की मांग की है।
पूनम ढिल्लों ने आरोपों पर दी सफाई
विवाद के बीच पूनम ढिल्लों ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह और पद्मिनी कोल्हापुरे अपने संसाधनों और संपर्कों का इस्तेमाल CINTAA की गुडविल और सदस्यों के हित के लिए कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इसमें उनका कोई निजी स्वार्थ नहीं है और आरोपों से वह खुद हैरान हैं।
पूनम ने इस्तीफा देने वाले सदस्यों पर आरोप लगाया कि वे सिने आर्टिस्ट्स वेलफेयर ट्रस्ट (CAWT) को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक यह ट्रस्ट दिलीप कुमार, अमरीश पुरी और अमजद खान समेत वरिष्ठ कलाकारों ने बनाया था। पूनम का दावा है कि ट्रस्ट कई वर्षों से सदस्यों को मेडिकल सुविधाएं देने की अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं कर पाया।
इवेंट से जुटाए 1 करोड़ रुपए
पूनम ने बताया कि हाल में CINTAA के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें कलाकारों ने बिना फीस लिए प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम से करीब 1 करोड़ रुपए जुटाए गए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल कलाकारों को सम्मान के तौर पर साड़ियां और कुर्ता दिए गए थे। इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने इन्हीं उपहारों को लेकर सवाल उठाए हैं।
कमेटी को लेकर भी विवाद
पूनम ने आरोप लगाया कि कुछ इस्तीफा देने वाले सदस्यों को नई कमेटी बनने पर बड़े पद और सुविधाएं देने का भरोसा दिया गया था। उन्होंने पुनीत इस्सर की बैठक में भागीदारी पर भी सवाल उठाए। हालांकि पूनम का कहना है कि कुछ सदस्यों पर इस्तीफा देने का दबाव बनाया गया, लेकिन वर्तमान कमेटी के पास अभी भी बहुमत है और वह काम कर रही है।



