हाईकोर्ट की सख्ती के बाद शिवपुरी पुलिस में बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी निलंबित; SI के खिलाफ FIR के आदेश

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में पुलिस की कार्यप्रणाली पर हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। नाबालिग के अपहरण और यौन शोषण से जुड़े मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर खनियांधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव को निलंबित कर दिया गया है। वहीं जांच अधिकारी एसआई छाया राय के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।
मामला हाईकोर्ट की डबल बेंच तक पहुंचा था। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। इसके बाद एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने अधीनस्थ अधिकारियों की गंभीर लापरवाही को स्वीकार करते हुए कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें –सड़कों पर उतरे आधा दर्जन जज, सभापति की हूटर लगी फॉर्च्यूनर पकड़ी; 24 वाहनों पर कार्रवाई
वहीं नरवर थाना प्रभारी विनय यादव को भी प्रशासनिक आधार पर लाइन अटैच किया गया है। नरवर में चोरी हुई ऐतिहासिक तोप और सट्टे से जुड़े मामलों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर उनकी भूमिका संदिग्ध होने को भी कार्रवाई की वजह बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, खनियांधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव और एसआई छाया राय के खिलाफ नाबालिग से जुड़े मामले में कार्रवाई की गई है। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस विभाग ने दोनों अधिकारियों पर कार्रवाई की है।



