दूध देने निकले 65 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, रास्ते में मिला शव; पुलिस जांच में जुटी

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में 65 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात ग्राम गैंदा और मुड़ियाडीह के बीच सड़क पर हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है।
दूध देने जाते समय हुई वारदात
मृतक की पहचान ग्राम मुड़ियाडीह निवासी केजराम ध्रुव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे केजराम घर से दूध देने के लिए ग्राम गैंदा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े संभावित कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात हमलावर की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपी के संबंध में जानकारी सामने आने की उम्मीद है।



