सीआईए ने 5.7 किलो हेरोइन पकड़ी, कीमत 11 करोड़ से ज्यादा; दो गिरफ्तार

जींद। हरियाणा के जींद जिले में सीआईए (CIA) टीम ने नशे की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने उझाना-पीपलथा रोड पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 5 किलो 700 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त हेरोइन की कीमत 11 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार जिले में पहली बार इतनी बड़ी कीमत की नशीली खेप पकड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव पीपलथा निवासी बलजीत और लवप्रीत के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ गढ़ी थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों कथित तौर पर केवल सप्लाई का काम करते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की खेप किसने उपलब्ध कराई और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
सीआईए (CIA) इंस्पेक्टर यादवेंद्र सिंह के मुताबिक मंगलवार शाम पुलिस टीम उझाना बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक उझाना से पीपलथा रोड पर धमतान साहिब माइनर के पास नशीला पदार्थ बेचने के लिए खड़े हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों युवक ट्रॉली बैग लेकर तेजी से वहां से जाने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से 5.7 किलो हेरोइन बरामद हुई।
मुख्य सप्लायर की तलाश
एसपी कुलदीप सिंह ने कार्रवाई (CIA) को बड़ी सफलता बताया, लेकिन जिले में इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की सप्लाई को चिंता का विषय भी बताया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मुख्य सप्लायर और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और जिले में इसकी सप्लाई किस-किस जगह की जानी थी।



