केन्या में टूरिस्ट हेलिकॉप्टर क्रैश, इक्वाडोर के खुफिया प्रमुख समेत 7 लोगों की मौत

केन्या में बुधवार को एक टूरिस्ट हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया। इस दुर्घटना में इक्वाडोर के राष्ट्रीय खुफिया प्रमुख मिशेले सेंसी-कोंटुगी, उनकी पत्नी और पांच अमेरिकी नागरिकों समेत हेलिकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। हादसा सेंट्रल केन्या के सांबुरू काउंटी में हुआ। हेलिकॉप्टर लोइसाबा वाइल्डलाइफ रिजर्व से उड़ान भर रहा था।
हेलिकॉप्टर में सवार थे 7 लोग
अधिकारियों के मुताबिक हेलिकॉप्टर में एक पायलट और छह यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हादसे की जगह दुर्गम इलाके में होने के साथ वहां अंधेरा और कठिन भौगोलिक परिस्थितियां भी थीं। अधिकारियों ने पुष्टि की कि दुर्घटना में कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा।
केन्या सिविल एविएशन अथॉरिटी के मुताबिक हेलिकॉप्टर राजधानी नैरोबी के उत्तर में सांबुरू काउंटी में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे के बाद घटनास्थल से आग की लपटें और आसमान में काला धुआं उठता दिखाई दिया।
इक्वाडोर के खुफिया प्रमुख भी मृतकों में शामिल
हादसे में इक्वाडोर के 42 वर्षीय खुफिया प्रमुख मिशेले सेंसी-कोंटुगी और उनकी पत्नी स्टेफनी की भी मौत हुई है। मिशेले को 2024 में इक्वाडोर के नेशनल इंटेलिजेंस सेंटर का प्रमुख नियुक्त किया गया था। वह राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ के करीबी सहयोगी माने जाते थे और ड्रग कार्टेल के खिलाफ सरकार की रणनीति में अहम भूमिका निभा रहे थे।
अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने भी हादसे में पांच अमेरिकी नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों में फ्लोरिडा में काम करने वाले एक वरिष्ठ मीडिया मैनेजर के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
हेलिकॉप्टर पर्यटकों को क्षेत्र के प्राकृतिक और पहाड़ी इलाकों का हवाई दृश्य दिखाने के लिए उड़ान भर रहा था। सांबुरू क्षेत्र का माउंट ओलोलोक्वे स्थानीय लोगों के लिए पवित्र माना जाता है और यहां पर्यटकों के लिए हवाई भ्रमण की सुविधा भी उपलब्ध है।
हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। केन्या की विमान दुर्घटना जांच एजेंसी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इससे पहले मार्च में भी पश्चिमी केन्या में एक हेलिकॉप्टर हादसा हुआ था, जिसमें कई लोगों की जान गई थी।



