कियारा आडवाणी के घर फिर गूंजेगी किलकारी, दूसरी प्रेग्नेंसी का किया ऐलान

बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। कियारा आडवाणी दूसरी बार मां बनने वाली हैं। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक खास तस्वीर शेयर कर फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की। तस्वीर में कियारा और सिद्धार्थ के हाथों में नन्हे सफेद मोजे नजर आ रहे हैं, जिन्हें उनकी बेटी सरायाह अपने हाथों में पकड़े दिखाई दे रही हैं। इस घोषणा के बाद दोनों को बॉलीवुड सितारों और फैंस की ओर से लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
खास तस्वीर के साथ साझा की खुशखबरी
कियारा ने प्रेग्नेंसी की जानकारी देते हुए लिखा कि उन्हें एक बार फिर जिंदगी के सबसे खूबसूरत तोहफे का आशीर्वाद मिला है और उनके दिल प्यार व आभार से भरे हुए हैं। इस पोस्ट के सामने आने के बाद करण जौहर, मनीष मल्होत्रा, भूमि पेडनेकर समेत कई फिल्मी सितारों ने कपल को शुभकामनाएं दीं।
2025 में पहली बार बने थे माता-पिता
कियारा और सिद्धार्थ जुलाई 2025 में पहली बार माता-पिता बने थे। 15 जुलाई 2025 को उनके घर बेटी का जन्म हुआ था। कुछ महीनों बाद नवंबर 2025 में दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी बेटी का नाम सरायाह मल्होत्रा बताया था। अब दूसरी बार माता-पिता बनने की खबर से उनके परिवार में एक बार फिर जश्न का माहौल है।
जैसलमेर में हुई थी शाही शादी
कियारा और सिद्धार्थ की प्रेम कहानी फिल्म ‘शेरशाह’ के दौरान शुरू हुई थी। लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 7 फरवरी 2023 को राजस्थान के जैसलमेर में शाही अंदाज में शादी की थी। शादी के बाद से दोनों लगातार अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी को संतुलित करते नजर आए हैं।
फिल्मों में भी सक्रिय हैं कियारा
वर्कफ्रंट की बात करें तो कियारा आडवाणी हाल ही में यश के साथ फिल्म ‘टॉक्सिक’ में नजर आई थीं। इससे पहले वह ‘वॉर 2’ और राम चरण के साथ ‘गेम चेंजर’ में भी काम कर चुकी हैं। अब दूसरी प्रेग्नेंसी की खबर के बाद फैंस उनकी निजी जिंदगी के साथ-साथ आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर भी उत्सुक हैं।



