पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर अवैध ढांचा ध्वस्त, दिल्ली में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर फुटपाथ पर बनाए गए कथित अवैध ढांचे को बुधवार को बुलडोजर की कार्रवाई में हटा दिया गया। यह ढांचा हाई कमीशन के वीजा सेक्शन के पास परिसर की निर्धारित सीमा से बाहर बनाया गया था। कार्रवाई के बाद इलाके से अतिक्रमण साफ कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच राजनयिक तनाव बना हुआ है। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई का संबंध इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर पाकिस्तान की ओर से हाल में की गई कार्रवाई से जोड़ा जा रहा है।
इस्लामाबाद की कार्रवाई के बाद बढ़ी थी तनातनी
कुछ दिन पहले इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगे पार्किंग पोल और सुरक्षा घेरे को पाकिस्तानी अधिकारियों ने हटा दिया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक स्तर पर तनाव और बढ़ गया था। दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को इसी घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है।
भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से कई मुद्दों को लेकर तनाव रहा है। सीमा पार आतंकवाद को दोनों देशों के संबंधों में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक माना जाता है। इसी वजह से दोनों देशों के बीच कई बार राजनयिक और प्रशासनिक स्तर पर भी टकराव की स्थिति बनती रही है।
पहलगाम हमले के बाद रिश्तों में और बढ़ा तनाव
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल 2025 में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंध और खराब हो गए थे। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था।
इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया। मौजूदा घटनाक्रम में दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को भी इसी व्यापक तनाव के बीच एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम के तौर पर देखा जा रहा है।



