मध्य प्रदेश में शिक्षा विभाग के दफ्तरों में ई-अटेंडेंस को लेकर लापरवाही, 16% कर्मचारी नहीं लगा रहे हाजिरी

भोपाल। मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग के कार्यालयों में ई-अटेंडेंस को लेकर लापरवाही सामने आई है। समीक्षा रिपोर्ट के मुताबिक विभागीय कार्यालयों में पदस्थ कई कर्मचारी नियमित रूप से ई-अटेंडेंस नहीं लगा रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार शिक्षा विभाग के कार्यालयों में करीब 84 फीसदी कर्मचारी ही ई-अटेंडेंस लगा रहे हैं। यानी हर छह कर्मचारियों में से लगभग एक कर्मचारी की ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं हो रही है। इसके मुकाबले स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों की ई-अटेंडेंस करीब 97 फीसदी दर्ज की जा रही है।
आदिवासी क्षेत्रों में ज्यादा लापरवाही
आदिवासी क्षेत्रों के स्कूलों और कार्यालयों में ई-अटेंडेंस को लेकर सबसे ज्यादा लापरवाही सामने आई है। धार जिले में 129 कर्मचारियों में से 73 की उपस्थिति दर्ज नहीं मिली। वहीं झाबुआ में 61 में से 34 कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए।
अनूपपुर जिले के कार्यालय में 55 में से 25 कर्मचारियों ने ई-अटेंडेंस नहीं लगाई। ग्वालियर संभागीय मुख्यालय में 306 में से 116 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
इसी तरह मंडला में 154 कर्मचारियों में से 58 और बड़वानी में 123 में से 46 कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज नहीं मिली।
समीक्षा रिपोर्ट के आंकड़ों ने शिक्षा विभाग के कार्यालयों में ई-अटेंडेंस व्यवस्था की निगरानी और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



