कसडोल में कपड़ों की दुकान धधकी, लाखों का सामान जलकर खाक

कसडोल शहर में रविवार देर रात महामाया वस्त्रालय में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान और ऊपर बने गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक हादसे में 50 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही नगर सेना की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। आग की लपटें काफी तेज होने के कारण दमकलकर्मियों को इसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे की कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। टीम ने आग को आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से भी रोका।
दुकान बंद होने से टली बड़ी जनहानि
जिस समय आग लगी, उस वक्त दुकान बंद थी। इसके चलते दुकान के अंदर किसी व्यक्ति के फंसे होने की स्थिति नहीं बनी और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से दुकान और गोदाम में रखा अधिकांश स्टॉक जलकर राख हो गया।
त्योहारी सीजन के लिए मंगाया था नया स्टॉक
दुकान में साड़ी, सूट, मौसमी कपड़े और त्योहारों के लिए मंगाया गया नया स्टॉक रखा हुआ था। दुकान संचालक के मुताबिक हाल ही में बड़ी मात्रा में कपड़े की खरीदारी की गई थी। आग की चपेट में आने से यह पूरा सामान नष्ट हो गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने दुकानदारों से अग्निशमन उपकरण और जरूरी सुरक्षा इंतजाम रखने की अपील की है।



