छत्तीसगढ़ में बढ़ा स्वाइन फ्लू का कहर, 16 नए मरीज मिले; रायपुर में सबसे ज्यादा 8 केस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में आज 16 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें सबसे ज्यादा 8 मरीज रायपुर से सामने आए हैं। इसके अलावा बिलासपुर में 3, कोरबा में 4 और रायगढ़ में 1 नया मामला दर्ज किया गया है।
नए मामलों के सामने आने के बाद जनवरी 2026 से अब तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 251 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ते मामलों को देखते हुए निगरानी और उपचार व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
रायपुर में सबसे ज्यादा 108 संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक सबसे ज्यादा स्वाइन फ्लू के मामले रायपुर जिले में मिले हैं। रायपुर में कुल 108 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। नए मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमित मरीजों की निगरानी और इलाज की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रदेश में 89 एक्टिव केस
फिलहाल छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 89 एक्टिव मरीज हैं। इनमें से 22 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है, जबकि 67 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं और उपचार करा रहे हैं।
राहत की बात यह है कि जनवरी 2026 से अब तक स्वाइन फ्लू के कारण प्रदेश में एक भी मौत दर्ज नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और अस्पतालों में आवश्यक उपचार एवं व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।
लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से लें सलाह
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय पर डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की गई है।
संक्रमण की आशंका होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों से दूरी बनाए रखने और अन्य लोगों के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी जा रही है।
जानें किन जिलों में मिले नए मरीज

– रायपुर: 8
– बिलासपुर: 3
– कोरबा: 4
– रायगढ़: 1
कुल नए मरीज: 16
जनवरी 2026 से अब तक कुल संक्रमित: 251
वर्तमान में एक्टिव मरीज: 89
होम आइसोलेशन: 22
अस्पताल में भर्ती: 67
अब तक मौत: 0



