Follow Us on Our Social Media
National

यूथ कांग्रेस चुनाव के बीच डिलीवरी बॉय से मारपीट का वीडियो वायरल, अमन सिंह समेत 4 पर केस

भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक डिलीवरी बॉय से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि 29 अगस्त की रात नेहरू नगर इलाके में कुछ युवकों ने डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। घटना के दौरान युवक के कपड़े उतारकर भी पीटने का आरोप है। मामले में पुलिस ने राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन सिंह समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।

वीडियो में कुछ युवक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आता है, इसके बावजूद उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पिज्जा डिलीवरी करने के बाद शुरू हुआ विवाद

शिकायत के मुताबिक, डिलीवरी बॉय स्टील कॉलोनी कातुलबोर्ड का रहने वाला है और नेहरू नगर स्थित एक पिज्जा आउटलेट में काम करता है। 29 अगस्त की रात करीब 2 बजे वह स्मृति नगर में पिज्जा पहुंचाने गया था। लौटते समय रास्ते में राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन दो बाइक से जाते मिले।

आरोप है कि युवकों ने डिलीवरी बॉय को देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। करीब 2:30 बजे जब वह कैश जमा करने के लिए रुका, तब आरोपी वहां पहुंच गए। डिलीवरी बॉय ने गाली देने का कारण पूछा तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद चारों ने एक राय होकर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

बीच-बचाव करने पहुंचे दोस्तों से भी मारपीट

मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय ने अपने दोस्तों मयंक लकड़ा और लीलाधर साहू को फोन कर बुलाया। दोनों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद वे डरकर पिज्जा आउटलेट चले गए। आरोपियों के वहां पहुंचने पर दोबारा गाली-गलौज और मारपीट हुई।

इस दौरान एक युवक के हाथ में पहने कड़े से डिलीवरी बॉय के सिर पर चोट लगने का आरोप है। घटना के कुछ देर बाद नितिन का भाई अमन सिंह भी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि अमन सिंह ने भी डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

अमन सिंह यूथ कांग्रेस चुनाव में प्रत्याशी

अमन सिंह अहिवारा के रहने वाले हैं और पहले अहिवारा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह वर्तमान में दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यूथ कांग्रेस चुनाव के बीच विवाद और बढ़ गया है।

पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

यूथ कांग्रेस चुनाव से जुड़ा एक और विवाद

भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर इससे पहले भी विवाद सामने आ चुका है। 5 सितंबर को खुर्सीपार में चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के युवाओं के बीच बहस के बाद धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई थी। विवाद बढ़ने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग करना पड़ा था। उस मामले में भी चुनावी गतिविधियों के दौरान नेताओं और समर्थकों के बीच विवाद की बात सामने आई थी।

Follow Us on Our Social Media

Mahi Rajput

Content Writer (News) – 2.5 Years of Experience- Experienced in writing and editing news articles for digital news portals. - Skilled in writing breaking news, feature stories, and informative web content. - Strong fact-checking, research, and editing skills. - Able to meet daily publishing deadlines and produce high-quality content consistently.Social Media Management – 6 Months of Experience- Managed social media accounts and scheduled content. - Created engaging captions and post copies. - Planned and maintained content calendars. - Monitored audience engagement and responded to queries. - Coordinated with the content team to ensure consistent brand communication.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button