Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 10 सितंबर से बढ़ेगी बारिश; बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर के आसार

छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश की गतिविधियां कम हो गई हैं, लेकिन अगले दो से तीन दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 10 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं 11 सितंबर के आसपास पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। रायगढ़ के धरमजयगढ़ में 10 मिमी बारिश हुई। इस दौरान राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे अधिक 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर में आज बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में 9 सितंबर को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहने की संभावना है। दिन में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मानसून सीजन में 6 फीसदी कम बारिश

छत्तीसगढ़ में 1 जून से 8 सितंबर तक औसतन 952.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 1008.2 मिमी होनी चाहिए थी। इस हिसाब से प्रदेश में अब तक 6 फीसदी कम बारिश हुई है। हालांकि, इसे सामान्य श्रेणी में माना गया है।

प्रदेश के 33 जिलों में बारिश का वितरण असमान रहा है। 18 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई, जबकि 15 जिलों में सामान्य या उससे अधिक बारिश हुई है।

बलरामपुर में सामान्य से 67 फीसदी ज्यादा बारिश

बारिश के मामले में बलरामपुर सबसे आगे है। यहां 1 जून से 8 सितंबर तक 1442.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 864.1 मिमी है। इस तरह जिले में सामान्य से 67 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 35 फीसदी और मुंगेली में 26 फीसदी अधिक बारिश हुई है। रायपुर में भी सामान्य से 18 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई। यहां अब तक 1051.3 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 893.9 मिमी है। बलौदाबाजार और नारायणपुर में भी 17 फीसदी अधिक बारिश हुई है।

बेमेतरा में सबसे ज्यादा बारिश की कमी

प्रदेश में बारिश की कमी के मामले में बेमेतरा सबसे आगे है। यहां अब तक 540.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 926.2 मिमी होनी चाहिए थी। जिले में सामान्य से 42 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।

कांकेर और सरगुजा में सामान्य से 39-39 फीसदी कम बारिश हुई है, जबकि जशपुर में 35 फीसदी बारिश की कमी है। कबीरधाम और कोंडागांव में भी सामान्य से 22 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।

आने वाले दिनों में बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे फिलहाल बारिश की कमी वाले जिलों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Follow Us on Our Social Media

Mahi Rajput

Content Writer (News) – 2.5 Years of Experience- Experienced in writing and editing news articles for digital news portals. - Skilled in writing breaking news, feature stories, and informative web content. - Strong fact-checking, research, and editing skills. - Able to meet daily publishing deadlines and produce high-quality content consistently.Social Media Management – 6 Months of Experience- Managed social media accounts and scheduled content. - Created engaging captions and post copies. - Planned and maintained content calendars. - Monitored audience engagement and responded to queries. - Coordinated with the content team to ensure consistent brand communication.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button