छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसे, बाइक की भिड़ंत में एक की मौत; बस-ट्रक टक्कर में कई घायल

छत्तीसगढ़ के कवर्धा और धरमजयगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। कवर्धा में दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं, धरमजयगढ़ क्षेत्र में बस और ट्रक की टक्कर में बस चालक समेत कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत
कवर्धा में भोरमदेव मार्ग पर ग्राम राजानवागांव के पास बुधवार देर रात दो बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बिशनपुरा निवासी सबित यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना के बाद घायलों को 112 की मदद से जिला अस्पताल कवर्धा पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि घायलों में एक की हालत गंभीर है और वह बेहोश है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
बस और ट्रक की टक्कर में चालक गंभीर
दूसरा हादसा धरमजयगढ़ के कोयलर क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, बस धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर जा रही थी और उसमें करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने घायलों की मदद की।
हादसों के कारणों की जांच जारी
कोयलर क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल दोनों घटनाओं में घायलों की विस्तृत स्थिति और हादसों के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।



