सुखदेव भगत 27 सितंबर को आएंगे छत्तीसगढ़, तीन दिन तक मैराथन बैठकों का दौर; संगठन की लेंगे जानकारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और लोहरदगा से लोकसभा सांसद सुखदेव भगत 27 सितंबर को पहली बार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ प्रवास होगा। भगत 27 से 29 सितंबर तक प्रदेश में रहेंगे और इस दौरान कांग्रेस संगठन के अलग-अलग स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
इन नेताओं के साथ करेंगे बैठक
तीन दिवसीय दौरे के दौरान सुखदेव भगत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठक करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों, विभिन्न संगठनों और विभागों के प्रमुखों के साथ चर्चा करेंगे। इसके अलावा कनेक्ट सेंटर टीम के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।
भगत प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ वन-टू-वन मुलाकात भी करेंगे। इन बैठकों में संगठन की मौजूदा स्थिति, पार्टी की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर फीडबैक लिए जाने की संभावना है।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर
सुखदेव भगत छत्तीसगढ़ का प्रभार मिलने के बाद संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को प्राथमिकता बता चुके हैं। ऐसे में उनके पहले दौरे को संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भव्य स्वागत की तैयारी
प्रदेश प्रभारी के आगमन को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं। धरसीवा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने बताया कि सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ के पहले दौरे पर उनके भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है।
भगत की नियुक्ति कांग्रेस के हालिया संगठनात्मक फेरबदल का हिस्सा है। पार्टी ने सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया है, जबकि सचिन पायलट को पंजाब और भूपेश बघेल को असम का प्रभार सौंपा गया है।




